Jul 18, 2021
टोक्यो ओलंपिक पर कोरोना संकट के बादल और गहराते जा रहे हैं। टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में दो और एथलीट कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोरोना संक्रमण का अब तक का यह तीसरा मामला है। इससे पहले भी एक एथलीट कोरोना पॉजिटिव हो गया था। टोक्यो अधिकारियों ने कहा कि संक्रमित एथलीटों को 14 दिन के पृथकवास पर भेज दिया गया है।
खेल के आयोजन पर गहराया संकट
टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति ने रविवार को यह जानकारी दी। इससे 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों के सफल आयोजन को लेकर आशंका बन गई है। यह पहला अवसर है जबकि खेल गांव में रह रहे खिलाड़ियों को संक्रमण हुआ है। आयोजकों ने खिलाड़ियों की पहचान उजागर नहीं की है। तीसरा खिलाड़ी खेलों के लिए नामित होटल में ठहरा हुआ है।
https://twitter.com/AFP/status/1416593500582285312
आयोजन समिति ने सूची की जारी
आयोजन समिति ने यहां कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की जो सूची जारी की है उसके अनुसार दिन में कुल 10 मामले सामने आए। इनमें खेलों से संबंधित पांच व्यक्ति, एक ठेकेदार और एक पत्रकार भी शामिल है। समिति के रिकार्ड के अनुसार खेलों से जुड़े कोविड मामलों की संख्या अब 55 पर पहुंच गई है।