Mar 3, 2022
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आज सुबह चुनाव प्रचार करके लौटते वक़्त आम आदमी पार्टी के MLA की कार बेकाबू होकर हाईवे से पलट गई। इस हादसे में कार सवार 6 लोगों में से 5 लोगों को चोटें आईं हैं। वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए औरास CHC में एडमिट कराया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
चुनाव प्रचार के बाद दिल्ली वापस आ रहे थे आप विधायक
पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बताया जा रहा है कि, दिल्ली क्षेत्र में AAP विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी, पुत्र अभयानंद निवासी चांदनी चौक मॉडल टाउन दिल्ली, अपने पांच अन्य साथियों के साथ चुनाव प्रचार करने गोरखपुर पहुंचे थे। जहां प्रचार थमने के बाद वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से दिल्ली वापस आ रहे थे। इसी बीच आज सुबह उनकी कार बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव धोलोव के पास बेकाबू होकर हाईवे से नीचे पलट गई।
कार में सवार MLA सहित पांच साथियों को बाहर निकाला
हादसे की जानकारी पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कार में सवार MLA सहित पांच साथियों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट कराया, जहां विधायक की स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें फ़ौरन लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जबकि साथ में मौजूद अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। वहीं घटना सूचना पर थानाध्यक्ष बेहटा मुजावर रमेश चंद्र साहनी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर इसकी जानकारी उनके परिवार वालों को दे दी गई है।