Aug 16, 2020
लखीमपुर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में 13 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई है। दो आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई है।
घटना नेपाल बॉर्डर पर ईसानगर इलाके की है। बच्ची का शव यहां शुक्रवार रात गन्ने के खेत में मिला था। बच्ची इसी दिन दोपहर से लापता थी। पिता का आरोप है कि खोजबीन की गई तो देर रात उसका शव गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में मिला। उसकी आंखें निकली हुई थीं और जुबान कटी हुई थी। गला दुपट्टे से कसा गया था।
इस बारे में लखीमपुर खीरी के एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया, 'ईसानगर थानाक्षेत्र के पकरिया गांव में बच्ची से रेप और हत्या की घटना सामने आई है। पुलिस ने घटना के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। उसकी गला घोंटकर हत्या हुई है।' मीडिया रिपोर्टों के अनुसार जिस खेती में बच्ची का शव मिला वह एक आरोपी का है। पुलिस ने दोनों को एनएसए के तहत अरेस्ट किया है।
मायावती का कानून व्यवस्था को लेकर सवाल
इस घटना पर बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर हमला किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यूपी के लखीमपुर खीरी में दलित नाबालिग के साथ बलात्कार के बाद फिर उसकी नृशंस हत्या अति-दुःखद और शर्मनाक। ऐसी घटनाओं से सपा व वर्तमान भाजपा सरकार में फिर क्या अन्तर रहा? सरकार आजमगढ़ के साथ खीरी के दोषियों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई करे, बीएसपी की यह मांग है।