Oct 8, 2016
शहडोल। लोकसभा उपचुनाव की तैयारी को लेकर शनिवार को अनूपपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नन्द कुमार सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने दिग्विजय सिंह के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि शहडोल जिला दिग्विजय सिंह ने ही बनाया था लेकिन उसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवारा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन विचारों को लेकर भारतीय जनता पार्टी का जन्म हुआ उसका ध्यान रखें। हम आगामी चुनाव जरूर जीतेंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी वर्ष गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाएगी। वहीं शिवराज सिंह चौहान सरकार के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। जिसे पार्टी सामाजिक कार्यो के रूप में मनाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी चिंता का विषय है। कुपोषण में पूर्व वर्षों की अपेक्षा कमी आई है। MBBS करने के बाद डॉक्टरों को 3 या 5 वर्ष सरकारी अस्पताल में सेवाएं देने के लिए कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने दिग्विजय सिंह व अरविंद केजरीवाल के सर्जिकल स्ट्राईक पर दिये बयानों की भी घोर निंदा की।








