Aug 23, 2022
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से एक और शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी है। जिले के सिटी फॉरेस्ट में इस बार बदमाशों ने एक पति-पत्नी को अपना निशाना बनाया है। युवकों ने इस कपल के साथ बदसलूकी की। यही नहीं, कपल के विरोध करने पर बदमाशों ने युवती की साड़ी खींचने का भी प्रयास किया। गौरतलब है कि पिछले दिनों कुछ बदमाशों के एक प्रेमी जोड़े के साथ अभद्रता की बात सुर्खियों में थी। इस घटना के दौरान युवकों ने लड़की को निर्वस्त्र कर दिया था, जिसके बाद एस मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के सिटी फॉरेस्ट में घूमने गए एक शादीशुदा जोड़े को कुछ बदमाशों ने अपना शिकार बनाने का प्रयास किया। दरअसल, सोशल मीडिया पर हमीरपुर का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बदमाश सिटी फॉरेस्ट में घूमने आए पति-पत्नी के साथ दुर्व्यवहार कररहे हैं। बदमाश युवक के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। जब पत्नी ने इसका विरोध किया तो गुंडे उसकी साड़ी खींचने लगे। इसके बाद बदमाश दोनों को पुलिस की धमकी देने लगे। इसपर महिला ने निडर होकर कहा कि वीडियो बना लो, हम पती-पत्नी हैं। बता दें कि ये वीडियो पुराना हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लड़की को किया था निर्वस्त्र
कुछ दिन पहले सोशल मीडिा पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। इस वीडियो में कुछ युवक एक प्रेमी युगल के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे। यही नहीं युवकों ने पीड़िता के साथ रेप करने का भी प्रयास किया था। आरोपियों ने लड़की को निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गयी और शहर के मोहल्ला गौरा देवी निवासी कन्हैया शर्मा, प्रीतम कश्यप व अरविंद उर्फ कमल निषाद और दो किशोरों पर छेड़खानी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
कई युवतियों को बनाया शिकार
मिली जानकारी के अनुसार शहर से लगी वन विभाग की जमीन को सिटी फॉरेस्ट के तौर पर आबाद किया गया। कुछ सालों में ये पार्क देखरेख और बजट के अभाव में वीरान हो गया। इस सुनसान जगह पर घूमने टहलने जाने वाले प्रेमी जोड़ों के आसपास रहने वाले युवक पकड़कर मारपीट करते हैं। साथ ही पैसों की मांग भी करते हैं। मामले में कई बार पुलिस तफ्तीश कर चुकी है, पर ऐसी घटनाएं बंद नहीं हुई।