Loading...
अभी-अभी:

गाजियाबाद से दिल दहलाने वाली घटना: दो मासूम बच्चियों का अपहरण, एक के साथ दुष्कर्म कर की हत्या

image

Aug 20, 2022

गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में एक गांव से गुरुवार शाम को दो मासूम बच्चियों का अपहरण कर लिया गया। इनमें से एक बच्ची बच कर वापस आ गई, जबकि दूसरी की तलाश रात भर जारी रही। अगले दिन सुबह बच्ची का शव अगले दिन गन्ने के खेत से बरामद हुआ। बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में पड़ोसी युवक कपिल कश्यप को गिरफ्त में ले लिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल किया है। जानकारी के मुताबिक वो नशे में चूर था। बच्ची और आरोपी अलग-अलग समुदाय के होने के कारण  घटना के बाद से गांव में सांप्रदायिक तनाव फैल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम करीब 6 बजे दो मासूम बच्चियों का अपहरण हो गया। दोनों बच्चियां अपने ननिहाल में रहती थी। उनके घर के पास के ही रहने वाले कपिल नामक शख्स ने आइसक्रीम खिलाने और घुमाने के बहाने दोनों को अगवा कर लिया। गांव से निकलते ही बच्चियां घर जाने की जिद करने लगीं। इस पर आरोपी ने उन्हें चुप कराने की कोशिश की, इस बीच छे साल की बच्ची भाग गई। 

रात दस बजे जब वो घर लौटी तो उसके कपड़े फटे हुए थे और वो बुरी तरह से डरी सहमी थी। ये देख कर घरवाले डर गए कि कहीं कोई अनहोनी ना हो। बच्ची ने बताया कि दोनों कपिल अंकल के साथ गए थे। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्कवॉड और ड्रोन कैमरे की मदद से सुबह चार बजे तक कपिल को धर दबोचा। कपिल ने बताया कि अपहरण के थोड़ी देर बाद ही उसने दुष्कर्म कर बच्ची की हत्या कर दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लड़की का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम में बलात्कार की पुष्टि हुई। 

नशे में धुत था आरोपी 

पूछताछ में कपिल ने कुबूला कि वो वारदात के समय नशे में चूर था। उसने बताया कि वो दोनों बच्चियों को दुष्कर्म के इरादे से ही ले गया था। गांव से निकलते ही बच्चियां कहने लगीं, "अंकल हमें छोड़ दो, आइसक्रीम नहीं खानी।" एक बच्ची के भागने के बाद दूसरी चीखने लगी तो उसने बच्ची का मुंह बंद कर दिया। वो बार बार चीख रही थी कि, "अंकल जाने दो" पर आरोपी ने नशे की हालत में उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। गौरतलब है कि आरोपी पर अपहरण, दुष्कर्म, हत्या की धारा और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ससुर के अंतिम संस्कार से लौटा था कपिल

दुष्कर्म और अपहरण करने वाला आरोपी कपिल घटना के कुछ देर पहले ही अपने ससुर के अंतिम संस्कार से लौटा था। उसका ससुराल मेरठ के जानी के चौबला गांव में है। ससुर के अंतिम संस्कार के बाद पत्नी को ससुराल में छोड़कर उसने खूब शराब पी। उसके बाद अपने घर आकर तोड़फोड़ की। दादी ने विरोध किया तो उसे पीटा और साइकिल लेकर भाग गया। इसके बाद उसने इस दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया।