Loading...
अभी-अभी:

पालघर की घटना पर न हो राजनीति : शरद पवार

image

Apr 22, 2020

पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार ने कहा है कि पालघर की घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस घटना को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। शरद पवार ने मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करने पर ही कोरोना को हम मात दे सकते हैं। तीन सप्ताह के बाद अधिक सुधार के लिए तीन मई तक की अवधि बढ़ाई गई हैं। इस दौरान सावधानी बरती गई तो परिस्थितियों में बदलाव अवश्य होगा। कोई संदेह नहीं कि नियमों में शिथिलता का निर्णय अवश्य लिया जाएगा। पवार ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान घर से बाहर मत निकलो। मुंबई और पुणे में नियमों का कड़ाई से अमल करना आवश्यक है।

अमेरिका जैसे देश में अब तक 40 हजार, स्पेन में 20 हजार, फ्रांस में 20 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में देखा जाए तो महाराष्ट्र में मरने वालों की संख्या चिंताजनक है। हम पश्चिमी देशों की तुलना नहीं कर सकते है।महाराष्ट्र में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों को रोकने के लिए उपाय करने होंगे। पवार ने कहा कि मुंबई, पुणे, कल्याण, डोंबिवली, ठाणे में नियमों का कड़ाई से अमल होना चाहिए। आंकड़ों को शून्य पर लाना हमारे लिए बड़ी चुनौती है लेकिन यह असंभव भी नहीं है। इसके लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होना ही चाहिए। दो लोगों के बीच आवश्यक अंतर से कोरोना के संक्रमण को रोका जा सकता है।