Loading...
अभी-अभी:

पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि: सीएम विष्णु देव साय ने अर्पित किए पुष्पचक्र, कहा- व्यक्तिगत क्षति

image

Sep 6, 2025

पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि: सीएम विष्णु देव साय ने अर्पित किए पुष्पचक्र, कहा- व्यक्तिगत क्षति

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम के निधन पर राजधानी में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जागृति मंडल, पंडरी पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर गहन श्रद्धांजलि दी। साय ने कहा कि शांताराम संघ के वरिष्ठ प्रचारक थे और उनका मेरे साथ गहरा आत्मीय संबंध रहा। वे अभिभावक की तरह स्नेह और मार्गदर्शन देते रहे। उनका निधन संघ परिवार, समाज, प्रदेश और मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुलों को धैर्य दें।

पूर्व सीएम रमन सिंह का भावुक संदेश

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शांताराम को पिता तुल्य बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शांताराम ने मदकूदीप को पुनर्जीवित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया। उनकी विनम्रता और जीवन मूल्य सभी के आदर्श बने। संघ प्रचारक के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता और स्वयंसेवकों को परिवार मानकर मार्गदर्शन किया। सीएम रहते हुए भी उनका स्नेह मिलता रहा। उनके निधन से पूरा प्रदेश शोकाकुल है।

उपस्थितगण और शोक सभा

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, विधायक सर्वअनुज शर्मा एवं मोतीलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, कृषि कल्याण बोर्ड अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और आमजन उपस्थित थे। शोक सभा में सभी ने शांताराम के योगदान को याद किया।

शांताराम का अमूल्य योगदान

शांताराम ने संघ परिवार के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण का कार्य किया। उनकी सादगी और समर्पण से लाखों लोगों को प्रेरणा मिली। उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है, जो राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावित करेगा।

 

Report By:
Monika