Mar 7, 2022
एक तरफ जहां रूस और यूक्रेन के बीच भीषण जंग छिड़ी हुई है। वहीं दूसरी तरफ दोनों देशों के बीच शांति बनाये रखने के लिए चित्रकूट के साधु संतों ने हवन यज्ञ करना शुरू कर दिया है। बता दें कि, यूक्रेन पर रूस द्वारा लगातार आक्रमण कर तबाही फैलाई जा रही है जिससे विश्व युद्ध की स्थिति बनती जा रही है, ऐसे में चित्रकूट के साधु संतों ने यूक्रेन और रूस के बीच हो रही जंग में शांति बनाने के लिए सात दिवसीय हवन यज्ञ का शुभारंभ किया है।
जंग का 12वां दिन, रूस ने यूक्रेन में मचाई भयंकर तबाही
रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आज बारहवां दिन है जिसमें लगातार यूक्रेन पर रूस द्वारा बम बरसाए जा रहे हैं और मिसाइलें दागी जा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ हजारों की तादाद में भारतीय छात्र वहां फंसे हुए हैं जिनको बचाने के लिए भारत सरकार तमाम प्रयास भी कर रही है।
रूस और यूक्रेन की सद्बुद्धि के लिए हो रहा हवन यज्ञ
रूस और यूक्रेन में टकराव के चलते अब तृतीय विश्व युद्ध होने की आशंका भी जताई जा रही है जिसको लेकर आज भगवान श्री राम की तपोस्थली चित्रकूट में साधु संतों ने कामदगिरि मंदिर परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन शुरू कर दिया है। साधु संतों ने भगवान कामतानाथ से प्रार्थना की है कि जो भीषण नरसंहार चल रहा है उसमें दोनों देशों के राष्ट्रपति को भगवान सदबुद्धि दें जिससे दोनों देशों में शांति आये और यह नरसंहार रुक जाए।