Nov 27, 2025
भोपाल में CEO दफ्तर का घेराव करने निकले युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस ने वॉटर कैनन और हल्का बल प्रयोग कर रोका
भोपाल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रदेश भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राजधानी की सड़कों पर उतरकर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम कटौती (SIR) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता CEO ऑफिस का घेराव करने निकले तो व्यापमं चौराहे पर पुलिस ने भारी बैरिकेटिंग कर दी और आगे बढ़ने पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। हंगामा बढ़ने पर हल्का बल प्रयोग भी हुआ और कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बस में ठूंस दिया गया।
शपथ ग्रहण के बाद सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
यश घनघोरिया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने प्रदेश के कोने-कोने से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे थे। समारोह खत्म होते ही सभी ने जुलूस के रूप में CEO ऑफिस की ओर कूच किया। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता “वोट चोर भाजपा नहीं सहेंगे” और “संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ” के नारे लगा रहे थे।
पुलिस की सख्ती, वॉटर कैनन से बौछार
व्यापमं चौराहे पर पुलिस ने पहले से भारी बैरिकेटिंग कर रखी थी। कार्यकर्ता जैसे ही आगे बढ़े, पुलिस ने वॉटर कैनन से ठंडे पानी की तेज बौछारें छोड़नी शुरू कर दीं। कई कार्यकर्ता भीगकर लस्त-पस्त हो गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और बैरिकेट पर चढ़कर नारेबाजी जारी रखी।
हल्का बल प्रयोग और धरपकड़
जब कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद बसें मंगवाई गईं और गिरफ्तारी शुरू हो गई। कई कार्यकर्ता स्वेच्छा से गिरफ्तारी देने बस के ऊपर चढ़ गए। बस में क्षमता से ज्यादा लोग भर जाने के कारण वह एक तरफ झुक गई और पलटने की आशंका पैदा हो गई। आखिरकार पुलिस को सभी को बाहर निकालना पड़ा।
यश घनघोरिया का जोशीला संबोधन
यश घनघोरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि अब राजा का बेटा रानी के पेट से नहीं, लोकतंत्र के वोट से पैदा होगा। आज वही वोट खतरे में है। राहुल गांधी पूरे देश में संविधान बचाने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा का दलाल बनकर काम कर रहा है। घनघोरिया ने सभी युवाओं से शपथ दिलाई कि वे मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाकर रहेंगे।
मौजूद रहे बड़े नेता
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पुलिस-कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन कोई गंभीर चोट की खबर नहीं है।








