Loading...
अभी-अभी:

गौहरगंज में तनाव चरम पर: 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी सलमान 5 दिन बाद भी फरार, पथराव के बाद पुलिस लाठीचार्ज

image

Nov 27, 2025

गौहरगंज में तनाव चरम पर: 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी सलमान 5 दिन बाद भी फरार, पथराव के बाद पुलिस लाठीचार्ज

रायसेन जिले के गौहरगंज कस्बे में पिछले पांच दिनों से उबाल है। 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सलमान उर्फ नजर की गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी गुस्सा है। बुधवार को शांतिपूर्ण धरने के बाद हिंसा भड़क उठी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बन गए हैं।

शांतिपूर्ण धरना अचानक हिंसक

बुधवार को स्कूल मैदान में सैकड़ों लोग शांतिपूर्ण तरीके से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। धरना खत्म होने के बाद लोग लौटने लगे, लेकिन कुछ युवक मुस्लिम बावली बस्ती की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोका तो मामला बिगड़ गया।

पथराव और पुलिस का बल प्रयोग

युवकों ने पुलिस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उपद्रवी इधर-उधर भाग निकले। सड़कें सुनसान हो गईं और दुकानें बंद हो गईं।

छह जिलों की पुलिस तैनात

हालात को देखते हुए रायसेन सहित आसपास के छह जिलों से 500 से अधिक पुलिस जवान बुलाए गए हैं। क्विक रिस्पॉन्स फोर्स भी मौजूद है। DIG प्रशांत खरे ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

आरोपी अभी भी फरार

मामले के पांच दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी सलमान फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी धरपकड़ में जुटी हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।

Report By:
Monika