Mar 9, 2022
विनोद शर्मा : ग्वालियर में चल रही कांग्रेस की भूख हड़ताल दूसरे दिन समाप्त हो गई। जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होने के बाद लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। आखिरकार कलेक्टर और एसपी के आश्वासन के बाद कांग्रेस ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया है।
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर कांग्रेस
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर धारा 307 का मामला दर्ज होने के बाद ग्वालियर में कांग्रेस कई धरने और प्रदर्शन कर चुकी है लेकिन शासन की तरफ से मामले वापस लेने के संबंध में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। आखिरकार मंगलवार को इस मांग को लेकर कांग्रेस ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। दोनों नेताओं ने जब हड़ताल पर जाने का ऐलान किया तो प्रशासन भी मुश्किल में पड़ गया।
कलेक्टर ने दिया आश्वासन, कहा — नहीं होने देंगे अन्याय
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे इन दोनों नेताओं के साथ धीरे-धीरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटती जा रही थी। बुधवार को दोनों नेताओं की तबीयत भी बिगड़ने लगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने कांग्रेस नेताओं को यह भरोसा दिलाया कि अन्याय किसी के साथ नहीं होने देंगे और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जिला अध्यक्ष ने जूस पीकर हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया।