Loading...
अभी-अभी:

कुबरेश्वर से बागेश्वर तक ... मंजिल के लिए सियासी दौड़ !

image

Feb 16, 2023

शिवपुराण सुनने पहुंच रहे शिवराज, नाथ भी लगाएंगें हाजिरी

भोपाल / सीहोर। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में आज रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंच रहे हैं। अठारह फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी हाजिरी लगाने जा सकते हैं। हाल के दिनों में धार्मिक आयोजनों में बड़े नेताओं की मौजूदगी को लेकर काफी बहस भी है। यह दलों व नेताओं की राजनीतिक जरूरतों व मजबूरियों को भी साफ इंगित कर रही है।

बताया जाता है कि शिवराज 18 को छतरपुर में बागेश्वर धाम जा सकते हैं जहां दो दिन पहले कमलनाथ पहुंचे थे। दरअसल मप्र में कुबेरेश्वर व बागेश्वर धाम काफी दिनों से चर्चा के केंद्र में हैं। दोनों की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर भी चल रही हैं। इधर मप्र में नौ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मप्र में विभिन्न राजनीतिक व सामजिक मुद्दों के साथ ही कांग्रेस को साफ्ट हिंदुत्व का संदेश देने की बेताबी है तो भाजपा को अपने हिंदुत्व ब्रांड को पुख्ता करने की फिक्र है। माना जा रहा है कि दोनों दलों में इस बार चुनावी मुकावला बहुत कडा होने जा रहा है। ज्ञात हो कि बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने जोरशोर से हिंदु राष्ट्र की मांग भी कर डाली है।

सीहोर में जनसैलाब, 25 किमी जाम
उधर सीहोर में 22 फरवरी तक चलने वाले रुद्राक्ष महोत्सव में आज से ही जनसैलाब प्रशासन की पेशानी पर बल डाल रहा है। आलम यह है कि करीब 10 लाख लोग इस महोत्सव में शामिल होने सीहोर पहुंचे हैं। यहां भीड़ इतनी है कि पैदल चलना तक मुश्किल है। खबर हैं कि आज तीन महिलाएं लापता हो गईं। एक महिला छत्तीसगढ़ भिलाई की है तो दूसरी राजस्थान के गंगापुर व तीसरी महाराष्ट्र के बुलढाणा की बताई जा रही है। आज सुबह सुबह 10 बजे तक 5 लाख श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे गए। एक दिन पहले भी डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए थे। यह रूद्राक्ष 40 काउंटर से बांटे जा रहे हैं।

6 किमी का जामः कुबेरेश्वर धाम से इछावर रोड तक करीब छह किमी तक आज जाम लग गया है। सीहोर से इंदौर की तरफ हाईवे पर भी करीब पंद्रह किलोमीटर लंबा जाम है। भोपाल की ओर हाईवे पर भी इतना ही जाम लगा हुआ है। यानी इंदौर-भोपाल हाईवे बाधित है। मुश्किल यह है कि बेहद भीड़ होने के कारण फोन नेटवर्क्स भी जवाब देने लगे हैं।