Dec 4, 2025
बंदर बनकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस MLA, सदन में मच गया हंगामा!
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन उस समय हर कोई हक्का-बक्का रह गया जब कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुनील उईके बंदर का पूरा मास्क लगाकर, हाथ में पोस्टर लिए सदन परिसर में पहुंच गए। खाद की कमी, किसानों की बदहाली और जनता की अनदेखी के खिलाफ यह अनोखा प्रदर्शन देखकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के होश उड़ गए।
13,477 करोड़ का अनुपूरक बजट आज पेश
विधानसभा में आज 13,476.94 करोड़ रुपए के दूसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने मंगलवार को यह बजट पेश किया था। सबसे बड़ी राशि ग्रामीण विकास को मिली है – पीएम आवास के लिए 4,000 करोड़ और लाड़ली बहना योजना के लिए 1,794 करोड़ रुपए। किसानों के लिए समर्थन मूल्य भुगतान हेतु 2,001 करोड़, आपदा राहत के लिए 77.20 करोड़ और भावांतर योजना के लिए 500 करोड़ रखे गए हैं।
बंदर बनकर क्या कहना चाहते थे सुनील उईके?
जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके ने बंदर का वेश धारण कर इशारा किया कि सरकार जनता को “बंदर” बना रही है। उन्होंने कहा, “खाद नहीं मिल रही, बिजली नहीं मिल रही, किसान मर रहा है – सरकार हर वर्ग के हक पर उस्तरा चला रही है।” कांग्रेस ने इसे जनता की पुकार बताया तो सत्ता पक्ष ने इसे सदन की गरिमा का अपमान करार दिया।
अन्य प्रमुख प्रावधान
* नर्मदा घाटी विकास – 600 करोड़
* बरगी डायवर्सन – 200 करोड़
* अमृत 2.0 योजना – कुल 365 करोड़
* नए जेट विमान खरीदी – 5.40 करोड़
आज साढ़े तीन घंटे की चर्चा के बाद बजट पारित होगा। विपक्ष ने पहले से ही हमलावर रुख अख्तियार कर लिया है।







