Dec 15, 2022
रवीन्द्र भवन से बोट क्लब तक सुरक्षा संकल्प यात्रा
मप्र टूरिज्म बोर्ड, पुलिस विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग का संयुक्त आयोजन
महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन परियोजना के तहत मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा "सम्वाद सम्मान" कार्यक्रम ‘निर्भया दिवस’ पर 16 दिसंबर 2022, शुक्रवार को रविंद्र भवन में दोपहर 1 बजे से किया जाएगा। पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं संगिनी संस्था के संयुक्त तत्वाधान में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘संकल्प-समन्वय-सुरक्षा’ की थीम पर विभिन्न कार्यक्रम किए जायेगे। समापन पर रवीन्द्र भवन से बोट क्लब तक सुरक्षा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी।
प्रमुख सचिव पर्य़टन एवं संस्कृति और प्रबंध संचालक मप्र टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि, ‘महिलाओं हेतु सुरिक्षत पर्यटन' परियोजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर महिला पर्यटकों में सुरक्षा और सहजता का भाव विकसित करना है। परियोजना के तहत बोर्ड द्वारा 40 हजार से अधिक बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 10 हजार से अधिक महिलाओं को पर्यटन उद्योग से जोड़ने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। सामुदायिक सहभागिता एवं जागरूकता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं’।
रविंद्र भवन में परियोजना अन्तर्गत आत्मरक्षा प्रशिक्षण में पारंगत प्रशिक्षुओं द्वारा आत्मरक्षा विधा का प्रदर्शन और विशिष्ट उपलब्धियों वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जायेगा। साथ ही महिला निर्देशक सिंधू धौलपुरे के समूह नाट्य दल द्वारा महिला केन्द्रित नाटक झलकारी बाई की प्रस्तुति और विभिन्न विभागों के द्वारा समान उद्देश्यों को लेकर किये जा रहे सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री का प्रदर्शन किया जायेगा।
महिलाओं की विभिन्न क्षेत्रों में भूमिका पर आधारित विशेष प्रस्तुति 'स्वावलंबन से सशक्तिकरण' होगी। समापन पर रवींद्र भवन से बोट क्लब तक सुरक्षा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें एक हज़ार से अधिक महिलाएं सम्मिलित होकर पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा का जागरूकता संदेश देंगी।








