Apr 7, 2023
अतिक्रमणकारियों का थाने पर हमला, बंदूक लुटेरों को छुड़ाया
नेपानगर, जंगलों की अवैध कटाई कर वन भूमि पर कब्जा करने वाले ग्रामीणों के बढ़ते हौसले पुलिस प्रशासन के लिये चुनौती बनने लगे हैं। आज भी तड़के करीब 3 बजे पानखेड़ा के 60 से ज्यादा आदिवासियों ने नेपानगर थाने में हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को मारपीट कर वे पकड़े गए अपने तीन साथियों को छुड़ा ले गए।
इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह एसपी राहुल लोटा, कलेक्टर भव्या मित्तल और नेपा एसडीएम हेमलता सोलंकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी नेपानगर थाने पहुंच गए थे। इंदौर संभाग आयुक्त डॉ पवन शर्मा और डीआईजी तिलक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
दरअसल कल पुलिस ने वन चौकी बाकड़ी से बंदूकें लूटने के मामले में फरार चल रहे पानखेड़ा के हेमा को गिरफ्तार किया था। हेमा अतिक्रमणकारियों का लीडर बताया जाता है। उसके साथ ही दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। बंदूक लूट की घटना 28 नवंबर की बताई जाती है। इसमें 17 बंदूकें व कारतूसलूटे गये थे।
हेमा की गिरफ्तारी से नाराज ग्रामीणों ने योजनाबद्ध तरीके से थाने पर हमला बोल दिया। इसमें करीब साठ ग्रामीण शामिल थे। इन्होंने पुलिसकर्मियो से भी मारपीट की तथा पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। तीन पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। इनका निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले ठाठर बाल्डी के ग्रामीण वन विभाग के रेणुका डिपो से हमला कर अपने चार साथियों को ले गए थे। नेपानगर क्षेत्र में चल रही जंगल की अवैध कटाई और अतिक्रमणकारी पुलिस और जिला प्रशासन के लिए गले की फांस बन गए हैं।