Jul 17, 2021
भोपाल में युवा कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दामों के विरोध में शनिवार को राजभवन का घेराव करने साइकिल रैली निकाली। पुलिस ने रैली को लिली टॉकीज के पास रोक कर कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने 11 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोविड प्रोटोकॉल के तहत केस भी दर्ज किया है।
रैली में कई कांग्रेस नेता हुए शामिल
युवा कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दामों के विरोध में राजभवन का घेराव करने शनिवार को साइकिल रैली निकाली। बुधवारा में चार बत्ती चौराहा से रैली दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर बैंड मास्टर चौराहा थाना तलैया से लिली टॉकीज तक चली। इस दौरान रैली में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया गया। रैली में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया,विधायक पीसी शर्मा, आरिफ मसूद समेत कई कांग्रेस नेता शामिल हुए।
पीएम ने जनता के साथ किया धोखा
इस मौके पर विधायक आरिफ मसूद ने कहा, मध्यप्रदेश मे पेट्रोल-डीजल पर सबसे अधिक 39 % वैट की दर है। इस कारण अन्य राज्यों की तुलना मे यहां पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमत अधिक है। जनता को शिवराज सरकार में पेट्रोल 110 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल, डीजल को जीएसटी से बाहर रखकर देश की जनता के साथ धोखा किया है। पेट्रोल- डीजल को जीएसटी मे लाया जाए, जिससे आम जनता को ईंधन के बढ़ती कीमतों से राहत मिल सके।
महंगाई की मार से जनता बेहाल
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि अब जनता त्रस्त हो चुकी है। सरकार पेट्रोल कंपनियों पर लगाम लगाने में असफल है। ईंधन दामों में भी लगातार मूल्य वृद्धि को वापस लिया जाए। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा, बढ़ती महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही है। मोदी और शिवराज सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। गरीबों पर महंगाई की मार से जनता बेहाल है। जिस तरह पेट्रोल- डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, उससे जीवन यापन दूभर हो गया है। जब तक दाम कम नहीं किए जाएंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।