Mar 1, 2023
हर महीने की पहली तारीख की तरह ही आज से कीमतों में बड़े बदलाव लागू हो गये हैं। सबसे बड़ा झटका आम जनता पर हुआ है, क्योंकि सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए हैं। वहीं, 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 350.50 रुपए का इजाफा किया गया है।
इसके अलावा ट्रेन के टाइम टेबल से लेकर सोशल मीडिया के नियम तक बदल गए हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ाने का फैसला करीब आठ महीने बाद लिया गया है। दिल्ली में ही अब यह करीब 1103 रुपये में मिलेगा। भोपाल में इसकी कीमत 1108 हो गई है, कल तक यह 1058 थी।
मुंबई में यह सिलेंडर 1052.50 रुपए के बजाय 1102.5 रुपए में बिकेगा। बीते एक साल में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की बात करें तो इसमें कुल 5 बार बदलाव हुआ है। 22 मार्च 2022 को सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ने के बाद दिल्ली में 899.50 रुपए से बढ़कर 949.50 रुपए हो गए थे।








