Loading...
अभी-अभी:

Ullu App के CEO पर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का आरोप

image

Aug 10, 2021

Ullu (उल्लू) ऐप के CEO विभु अग्रवाल की मुश्किलें अब और बड़ने वाली हैं। उनकी एक पूर्व कर्मचारी द्वारा उन पर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का आरोप लगाने के बाद दो और पीड़िताओं ने विभु अग्रवाल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने भी विभु पर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। साथ ही वह यह बताने के लिए आगे आई हैं कि विभु अग्रवाल के उल्लू ऐप पर भी राज कुंद्रा के हॉटशॉट्स ऐप की तरह पोर्न कंटेंट प्रकाशित किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि विभु ने पोर्न कंटेंट को प्लेटफॉर्म से हटाया है।

पीड़िता को कई हफ्तों तक मानसिक रूप से किया प्रताड़ित

इस साल फरवरी में राज कुंद्रा के पोर्न रैकेट का पर्दाफाश करने वाली सागरिका शोना सुमन इन दो पीड़िताओं में से एक लड़की को जानती हैं। सागरिका ने कहा कि अग्रवाल द्वारा पीड़ित लड़की को कई हफ्तों तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था।

सागरिका सुमन ने कहा, "उल्लू के विभु अग्रवाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के कई मामले दर्ज हैं। मैं बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा हूं और इसमें सभी नामों का खुलासा करने वाली हूं। पीड़ित आगे आने से डरते हैं, क्योंकि अग्रवाल के पास वकीलों की एक टीम है। वह पीड़ितों के खिलाफ जबरन वसूली के झूठे मामले दर्ज करते हैं। कई मामलों में वह पुलिस का प्रबंधन भी करते हैं।"

मामले में विभु अग्रवाल को बचा रही है पुलिस

सागरिका सुमन ने आगे कहा, " पीड़ित लड़की ने आरोप लगाया है कि उपनगरीय मुंबई के अंधेरी में अंबोली पुलिस स्टेशन के साथ समझौता किया गया है और वहां के अधिकारी वर्तमान मामले में विभु अग्रवाल की रक्षा कर रहे हैं। पीड़िता को एक बार फिर अंबोली थाने में पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है।"

विभु अग्रवाल के खिलाफ 4 अगस्त को हुआ था केस दर्ज

इससे पहले विभु अग्रवाल के खिलाफ मुंबई पुलिस ने कुछ दिन पहले यौन उत्पीड़न का केस दर्ज किया था। एक महिला की शिकायत पर विभु पर IPC की धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया किया था। विभु के अलावा उनकी कंपनी की कंट्री हेड अंजलि रैना को भी आरोपी बनाया गया। दोनों के खिलाफ अंबोली थाने में 4 अगस्त को आपराधिक केस दर्ज किया गया था। 28 साल की पीड़ित महिला का आरोप है कि विभु की कंपनी ULLU डिजिटल के ऑफिस में बने स्टोर रूम में उससे छेड़छाड़ की गई थी।

ULLU की सफाई- केस करने वाले खुद आरोपी हैं

इस पूरे विवाद पर कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ULLU ने 10 जून को लखनऊ पुलिस की साइबर सेल में अज्ञात लोगों के खिलाफ चीटिंग और लाखों रुपए की फिरौती मांगने की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले में आईपी एड्रेस की जांच से पता चला कि इस धमकी के पीछे ULLU के पूर्व लीगल हेड, एक महिला और उनके साथी की भूमिका थी। इस मामले के आरोपियों ने ही अब काउंटर अटैक करते हुए महिलाओं के लिए बने कानून का दुरुपयोग करते हुए विभु अग्रवाल और अंजलि रैना के खिलाफ केस कर दिया है।

विभु ने ULLU ऐप 2018 में किया था लॉन्च

विभु की फिल्म निर्माण कंपनी ULLU डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड एडल्ट कंटेंट बनाती है। हालांकि, कुछ दिन पहले एक इंटरव्यू के दौरान विभु अग्रवाल ने ULLU प्लेटफॉर्म के कंटेंट को फैमिली कंटेंट में बदलने की बात कही थी। 2013 में विभु अग्रवाल ने 'बात बन गई' फिल्म बनाई थी। उन्होंने ULLU ऐप 2018 में लॉन्च किया था। इस ऐप पर हिंदी और अंग्रेजी के अलावा भोजपुरी, बंगाली, पंजाबी, मराठी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और गुजराती में एडल्ट कंटेंट प्रोवाइड करवाया जाता है।