Sep 4, 2022
UP के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक आज सीतापुर दौरे पर हैं। डिप्टी सीएम सुबह 9 बजे सिधौली पहुंचे। यहां उन्होंने 9:30 बजे के करीब सिधौली के आंगनबाड़ी केंद्र गढ़ी रावा में चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विसेज और न्यूट्रिशन डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित अन्नप्राशन संस्कार और गोद भराई में भाग लिया। बृजेश पाठक ने पांच महिलाओं की गोद भराई की साथ ही तीन बच्चों का अन्नप्राशन कर उन्हें खीर खिलाई। बृजेश पाठक ने बच्चों के पास घुटनों पर बैठकर शिक्षण कार्य की जानकारी भी ली। बता दें कि इसके बाद डिप्टी सीएम लखीमपुर का दौरा भी करेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने खैराबाद के CHC का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की रिपोर्ट ली। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही बृजेश पाठक ने सरकार की विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने कलेक्ट्रेट के सभागार कक्ष में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस कार्यक्रम के बाद डिप्टी सीएम लखीमपुर जनपद के भ्रमण के लिए रवाना हो जाएंगे।
मीडिया से बातचीत
सीतापुर दौरे में उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सीतापुर में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करना उनकी सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गरीबों के विकास के लिए सभी तरह के कदम उठा रहे हैं। इसके अलावा डिप्टी सीएम ने विकास खंड कसमंडा की ग्राम पंचायत महोली के गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे हैं। उन्होंने गौशाला में गायों का पूजन कर केला व गुड़ खिलाया।