Sep 17, 2022
यूपी की राजधानी लखनऊ में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नगर विकास मंत्री ए के शर्मा शुक्रवार को जानकीपुरम इलाके का निरीक्षण करने पहुंचे। विकास मंत्री ने जानकीपुरम, सहारा स्टेट में हुए जलभराव का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। लोगों ने बताया कि इलाके में जलभराव होता है। इससे आस पास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सीवर लाइन चोक होने से जलभराव की समस्या यहां पर लगातार बनी हुई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते अब तक 34 मौतें दर्ज कराई जा चुकी है।
विकास मंत्री ने दिए निर्देश
विकास मंत्री ए के शर्मा ने लोगों की परेशानियां सुनकर अधिकारियों से तुरंत समाधान निकालने की बात की। अपर नगर आयुक्त ने विकास मंत्री को बताया की सीवर लाइन चोक होने और नाले में अवरोध पैदा होने से इस साल जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। लोगों को जल्द राहत देने के लिए पंप लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि यहां पर 200 से 300 मीटर तक वाटर लॉगिंग की समस्या पैदा हो गई है। इस पर विकास मंत्री ने अपर नगर आयुक्त को मामले में फौरन कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड
लखनऊ में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मौसम विभाग ने 16 सितंबर को राजधानी में 198.8 मिमी बारिश दर्ज की। लखनऊ में हो रही इस बारिश ने तबाही मचा दी है। लखनऊ में शुक्रवार को सुबह तीन बजे दिलकुशा कॉलोनी में दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं की इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने की समस्या भी सामने आयी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 427.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा 48 घंटों में बारिश के कारण 34 लोगों की मौत हो गई।