Jun 14, 2021
खेल जगत। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस का कोई जवाब नहीं। धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से तो संन्यास ले चुके हैं, लगातार क्रिकेट भी नहीं खेलते हैं, लेकिन इसके बाद भी वे निरंतर अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। अब माही ने स्थगित हुए IPL 2021 के फिर से शुरू होने से पहले अपनी फिटनेस पर काम करना आरंभ कर दिया है।
साक्षी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया माही का वीडियो
अपनी फिटनेस को परखने के लिए धोनी को एक नया प्रतिद्वंद्वी भी मिल गया है, जिसके साथ वे अपनी फिटनेस साबित करने में लगे हुए हैं। दरअसल, धोनी की वाइफ साक्षी ने सोशल मीडिया पर माही का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें पूर्व विश्व विजेता कप्तान रांची स्थित अपने फॉर्महाउस में अपने घोड़े के साथ रेस लगाते हुए नज़र आ रहे हैं। साक्षी धोनी ने वीडियो का कैप्शन देते हुए लिखा कि मजबूत, तेज।
स्कॉटलैंड से मंगाया गया है ये घोड़ा
साथ ही उन्होंने हैशटैग में प्लेटाइम, शेटलैंडपोनी रेसिंग लिखा है। बता दें कि धोनी के फार्म हाउस में ये घोड़ा हाल ही में स्कॉटलैंड से मंगाया गया है। इससे पहले धोनी के परिवार में चेतक नाम का मारवाड़ी घोड़ा हुआ करता था, जिसकी जानकारी साक्षी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। बता दें कि धोनी IPL की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दूसरे ऐसे क्रिकेटर्स हैं, जिनके पास घोड़े हैं। उनके अलावा आलराउंडर रवींद्र जडेजा के पास भी घोड़े हैं।