Dec 12, 2016
खंडवा। सिनेमा स्टार हरफन मौला कलाकार किशोर कुमार के बड़े बेटे अमित कुमार को लंदन के संसद में सम्मानित किया गया। अमित कुमार एशिया के पहले प्ले बैक सिंगर हैं, जिन्हें यह सम्मान लंदन की संसद में मिला है। इस पर खुश होते हुए अमित कुमार ने अपने पिता किशोर कुमार खंडवा वाले को याद किया। खंडवा से जुड़े किसी व्यक्तित्व को यह सम्मान न केवल खंडवा बल्कि मध्यप्रदेश के लिए भी गौरव की बात है।
अमित कुमार को सिनेमा जगत में 50 साल से एंटरटेनमेंट करने पर मेंबर ऑफ द हाउस, ऑफ द कॉमन्स पार्लियामेंट यूके की ओर से सम्मानित किया गया है। अमित को फिल्म फेयर अवार्ड भी भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए मिल चुका है। फिल्म लव स्टोरी के सुपर-डुपर गीतों ने तो संगीत की दुनिया में तहलका मचा दिया था।
लंदन में कार्यक्रम देने गए थे
किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच से बातचीत में अमित कुमार के मित्र सुरेश कुमार ने बताया कि ये गौरवशाली क्षण अमित कुमार के जीवन के लिए हैं। उन्होंने लंदन की पार्लियामेंट में अपना नेटिव खंडवा बताया। वे लंदन में कार्यक्रम देने गए थे। वहां पार्लियामेंट के दोनों सदनों में तय हुआ कि अमित कुमार को सम्मानित किया जाए। वहां की संसद इस तरह बड़े कलाकारों को सम्मानित करती रहती हैं।
भारत रत्न के लिए चला रहे मुहिम
किशोरकुमार को भारत रत्न की मुहिम चला रहे अनीरबन दत्ता ने इसे सात समुंदर पार पहुंचा दिया है। आस्ट्रेलिया, यूके व अन्य देशों में भी 25 हजार प्रशंसकों ने इस मांग को भारत सरकार तक पहुंचाया है। लंदन की पार्लियामेंट में भी यह नारा गूंजा था। सेलिब्रेटिंग ऑफ सक्सेज अमित कुमार के 20 हजार लोगों ने भी इस मुहिम के लिए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को पत्र लिखे हैं। किशोर कुमार व अमित कुमार ने हजारों फिल्मों में गीत गाए हैं। पूरे दुनिया में इनके प्रशंसक हैं। भारत सरकार को भारत रत्न देने में कोई संकोच नहीं करना चाहिए।








