Nov 26, 2016
जगदलपुर। बस्तर आईजी एसआरपी कल्लूरी की अचानक तबियत बिगडऩे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। बैचैनी और पल्स हाई होने के बाद आईजी कल्लूरी को देर रात जगदलपुर महारानी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। तबियत में सुधार नहीं होने से उन्हें सुबह करीब नौ बजे हेलीकाप्टर से विशाखापटनम ले जाया गया। यहां केयर अस्पताल में कल्लूरी का इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों ने बताया, इस वक्त उनकी हालात स्थित है। आईजी कल्लूरी का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ जाने से परेशानी बढ़ गई थी। फिलहाल उनकी तबियत बेहतर है। अभी उन्हें कुछ दिन ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। डॉक्टरों की टीम उनकी तबियत पर नजर बनाए हुए है।
मिलने-जुलने वालों का लगा तांता
इधर इस बात की खबर लगते ही विभाग के आला अफसर उनकी खैरियत पूछते रहे। शहर में भी बात फैलते ही सुबह से ही लोग उनसे मिलने पहुंचते रहे। इधर सोशल मीडिया से भी लोग आईजी कल्लूरी की तबियत के बारे में जानने की कोशिश करते रहे। लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बस्तर में नक्सल ऑपरेशन की कमान संभालने के बाद से आईजी कल्लूरी 24 घंटे अलर्ट रहते हैं। देर रात तक काम करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। वे करीब रात तीन बजे तक ऑफिस में ही रहते हैं। इधर नक्सल क्षेत्र में लगातार दौरे करते रहते हैं। बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कोण्डागांव जिले में वे लगातार संपर्क में रहते हैं।
कई बार मुठभेड़ या वारदात के बाद वे आधी रात को ही ऐसे इलाकों में पहुंचते रहे हैं। इसका असर अब उनके स्वास्थ्य पर पडऩे की संभावना दिखाई दे रही है। हालांकि यहां पदस्थापना के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब आईजी कल्लूरी की तबियत बिगड़ी हो।