Dec 24, 2019
रेखराज साहू : ओड़िसा के काटाभांजी से लौटते समय छत्तीसगढ़ के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने आज महासमुंद के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया है। बागबाहरा के पटपरपाली धान खरीदी केन्द्र और महासमुंद के झालखम्हरिया धान खरीदी केन्द्र में मंत्री जी अचानक जा धमके। मंत्री को देख सभी में हड़कंप मच गया। इस दौरान मंत्री अमरजीत भगत ने खरीदी केंद्रों का जायजा लिया। इसके साथ ही किसानों से बात कर खरीदी के संबंध में जानकारी भी ली।
बता दें कि, निरीक्षण के बाद महासमुंद पहुंचे मंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि धान खरीदी केंद्रों में खरीदी नियमानुसार और तय मापदंड के आधार पर की जा रही है। केंद्रों में खरीदी के बाद उठाव नहीं होने के कारण धान जाम कि स्थिति बनी हुई है। जिसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही किसानों की लिमिट बढ़ाने की मांग पर मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा तय मापदंड से निम्न वर्ग के किसान खुश है। छोटे किसानों के धान की खरीदी को पहले करने के लिए सरकार ने यह नियम निकाला है, साथ ही बिचौलियों के अलावा किसानों के धान की जब्ती पर मंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई जरूर की जायेगी। बता दें कि जिले में अब तक 22 लाख 5 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है जिसके एवज में महज 3 लाख 74 हजार क्विंटल धान का ही उठाव हो पाया है।