Feb 28, 2019
दुर्गेश गुप्ता- एक तरफ जहां लोगों की सोच का दायरा बढ़ा है, बेटियां सशक्त हुईं हैं, वहीं दूसरी तरफ गाहे बगाहे ऐसी घटनाएं हो जाती हैं जो हमें सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या वाकई में हमने उन्नति कर ली है। आज भी कई स्थानों पर लोगों की ओछी मानसिकता की भेंट बेटियाँ चढ़ती आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला राजधानी भोपाल में देखने को मिला है, जहां एक महिला को जिंदा जलाकर मारने का बहुत ही दुखद घटना सामने आयी है। तलैइया सीएसपी के मुताबिक मृतक महिला के परिवार का आरोप है कि उसने एक बेटी को जन्म दिया था। जिसके बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इतना ही नहीं मृतक महिला को उसके ससुराल वाले बेटा पैदा करने के इंजेक्शन तक लगाते थे। इससे पहले ससुराल वाले महिला को दहेज़ को लेकर भी प्रताड़ित किया करते थे और इन्ही कारणों की वजह से उसे जिंदा जलाकर मार दिया गया।
ससुराल पक्ष पहले से दहेज़ के लिए भी कर रहा था प्रताड़ित
महिला के परिवार जनों का आरोप है कि पहले भी उनकी बेटी को दहेज़ के लिए सताया जाता रहा है, मगर वे लोग ये सोच कर चुप रहे कि कुछ दिनों के बाद सब ठीक हो जायेगा। फिर महिला गर्भवती हुई तो ससुराल वाले उससे बेटे की मांग करने लगे, और इसके लिए वे लोग तरह तरह के इंजेक्शन भी लगाते थे। मगर फिर भी जब बेटी पैदा हुई तो उन्हें ये रास न आया। दूसरी तरफ ससुराल पक्ष का अपने बचाव में यह तर्क पेश कर रहा है कि प्रसव के बाद धूनी देते वक्त महिला के बिस्तर ने आग पकड़ ली और वो जल गई। तमाम बिंदुओं पर जांच कर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस की माने तो महिला की मौत को लेकर जांच चल रही है। जैसे जैसे तथ्य सामने आता जायेगा, उसके हिसाब से कार्यवाही होगी।