Jun 14, 2021
मध्यप्रदेश में इस सप्ताह के लिए वैक्सीन का स्टॉक हो गया है, लेकिन कोवैक्सिन का दूसरा डोज लगवाने वालों के लिए मांग के हिसाब से वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पा रही है। रविवार को 8 लाख 37 हजार डोज मिले हैं। इसमें से कोवैक्सिन के सिर्फ 2 लाख डोज हैं। यही वजह है कि प्रदेश में पहला डोज कोवीशील्ड का लगाया जाएगा। इसके लिए ज्यादा सत्र आयोजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वैक्सीनेशन का नया रोडमैप बनाया जा रहा है। 18 से 44 साल तक के लोगों के लिए 21 जून से वैक्सीन केंद्र सरकार उपलब्ध कराएगी। इसके बाद जुलाई से प्रदेश को पर्याप्त डोज उपलब्ध हो जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर तैयारी कर रहा है। कोरोना की दूसरी लहर काबू में आने के बाद अब सरकार वैक्सीनेशन पर फोकस कर रही है। इसको लेकर मंत्रियों के साथ चर्चा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में वैक्सीनेशन अत्यंत आवश्यक है। कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए वैक्सीनेशन को जन अभियान कैसे बनाएं यह विचार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन को हमें रिकार्ड समय में पूरा करना है। अधिक से अधिक वैक्सीनेशन हो, कैसे एक निश्चित समय सीमा में इस पर हमें विचार करना है।








