Feb 16, 2023
अब आखिरकार यह साफ हो गया है कि पिछले दिनों अमेरिका ने अपने हवाई क्षेत्र में जो चीनी बैलून मार गिराया था, वो उसकी जासूसी ही कर रहा था। अमेरिका ने इसकी पुष्टि कर दी है। अमेरिका ने कहा है कि बैलून के मलबे को रिकवर करने के बाद उसकी जांच की गई। इसमें साफ हो गया कि यह सिविलियन नहीं, बल्कि स्पाई बैलून था। इ
सके अलावा चीन की हरकतों के मामले में एक और अहम खुलासा हुआ है, ऑस्ट्रेलिया ने अपने तमाम मंत्रालयों और अहम ठिकानों पर लगे चीनी सीसीटीवी कैमरे हटा दिए थे। अब चीन ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी है। अमेरिकी मिलिट्री की नॉदर्न कमांड ने कहा- साउथ कैरोलिना के समुद्री क्षेत्र में पिछले हफ्ते हमने चीन के बैलून को मार गिराया था।
रेस्क्यू ऑपरेशन अंतिम दौर में, अब तक 37 हजार मौतें
इस्तांबुल। तुर्की और सीरिया में खतरनाक भूकंप को आए नौ दिन बीत चुके हैं। आज भी ऑफ्टरशाक का दौर चल रहा है वहीं हादसे के इतने दिनों बाद भी मलबे से शव भी निकल रहे हैं और कुछ लोग जीवित भी मिल रहे हैं। दोनों देशों में अब तक 37 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि दोनों देशों में हुई त्रासदी से 70 लाख से ज्यादा बच्चे प्रभावित हुए हैं। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि यह भूकंप यूरोप में 100 साल में आई सबसे बड़ी आपदा है। सीरिया के राष्ट्रपति बशर-अल-असद ने तुर्की के साथ लगी दो और बॉर्डर क्रॉसिंग खोलने की घोषणा की है। इसके जरिए भूकंप से जुडी राहत सामग्री सीरिया भेज पाएगा। अगले 3 महीने तक देशवासियों की मदद के लिए ये बॉर्डर खुले रहेंगे। 2011 में सीरिया में शुरू हुए सिविल वॉर के बाद पहली बार ये सीमाएं खोली गई हैं।








