Dec 1, 2025
मंत्रियों की बढ़ी जिम्मेदारी अब हर हफ्ते 5 दिन प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे दो-दो मंत्री
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने संगठन को और मजबूत करने के लिए बड़ा नवाचार शुरू किया है। पार्टी ने मंत्रियों की जिम्मेदारी बढ़ाते हुए तय किया है कि अब हर सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक प्रदेश मुख्यालय में दो-दो मंत्री मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ता सीधे मंत्रियों से मिलकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे और त्वरित समाधान की उम्मीद कर सकेंगे।
पांच दिन, दो मंत्री हर दिन
नई व्यवस्था के तहत दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक प्रदेश भाजपा कार्यालय में दो मंत्री उपस्थित रहेंगे। यह व्यवस्था सोमवार से शुक्रवार तक लागू रहेगी। शनिवार-रविवार को कार्यालय में मंत्री नहीं बैठेंगे। इस पहल से कार्यकर्ताओं को सीधे सरकार और संगठन के बीच मजबूत सेतु मिलेगा।
पहला दिनः डिप्टी सीएम और राज्य मंत्री की ड्यूटी
इस नवाचार की शुरुआत सोमवार से हो गई। पहले दिन उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राज्य मंत्री गौतम टेटवाल प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यकर्ताओं में इस कदम को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
संगठन को मिलेगा नया जोश
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के इस नवाचार से संगठन के अंतिम पायदान तक के कार्यकर्ता को लगेगा कि उनकी बात ऊपर तक सीधे पहुंच रही है। आने वाले दिनों में यह कदम पार्टी की आंतरिक लोकतंत्र को और मजबूत करने के साथ-साथ सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करेगा। कार्यकर्ताओं का मानना है कि इससे संगठन में नया जोश आएगा और 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को और धार मिलेगी।
यह कदम मध्यप्रदेश भाजपा की संगठनात्मक ताकत को बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।







