Loading...
अभी-अभी:

नयागांव पुल अचानक भरभराकर गिरा, दो बाइक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल

image

Dec 1, 2025

नयागांव पुल अचानक भरभराकर गिरा, दो बाइक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल

नसीम अली रायसेन :  रायसेन जिले में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब बरेली-पिपरिया स्टेट हाईवे पर स्थित नयागांव का पुराना पुल अचानक ढह गया। पुल के ऊपर से गुजर रही दो मोटरसाइकिलें सीधे नीचे जा गिरीं, जिससे उन पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय पुल के नीचे मरम्मत का काम चल रहा था, लेकिन वहां मौजूद मजदूरों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली।

चारों घायल अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

हादसे में घायल हुए चारों लोगों को तुरंत बरेली सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें सीहोर जिले के जैत क्षेत्र के दो युवक और बरेली के धोखेड़ा गांव के दो निवासी शामिल हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर उन्हें आगे की जांच के लिए भोपाल रेफर करने पर विचार कर रहे हैं।

मजदूरों की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

पुल के नीचे मरम्मत और मजबूती का काम चल रहा था। जैसे ही पुल में तेज आवाज आई और वह झुकने लगा, वहां काम कर रहे सभी मजदूर इधर-उधर भागे और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। यदि वे वहां रुकते तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल करीब 15-20 सेकंड में पूरी तरह ध्वस्त हो गया।

80-90 के दशक का जर्जर पुल

जिला कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह पुल 1980-90 के दशक में बना था और काफी पुराना हो चुका था। हाल के वर्षों में इसकी मरम्मत कई बार हुई, लेकिन मूल संरचना कमजोर हो चुकी थी। कलेक्टर ने पूरी घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

बरेली-पिपरिया मार्ग पूरी तरह बंद, वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था

पुल गिरने से बरेली से पिपरिया, सुल्तानपुर, उदयनगर होते हुए भोपाल जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। यात्री अब देवरी-सलामतपुर या गैरतगंज-बेगमगंज होते हुए वैकल्पिक रास्ते से जा रहे हैं, जिससे उन्हें 40-50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। प्रशासन ने दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी है और वैकल्पिक मार्गों की सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश, रखरखाव की लापरवाही पर सवाल

स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। उनका कहना है कि यह पुल सालों से जर्जर हालत में था और कई बार शिकायत के बावजूद इसका ठोस मरम्मत नहीं हुआ। लोग इसे संबंधित विभाग की घोर लापरवाही बता रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।

Report By:
Monika